जब से हुए हैं दूर किसी आदमी से हम
हम से ख़फ़ा है ज़िन्दगी और ज़िन्दगी से हम
ये लोग उन के नाम से क्या क्या न कर रहे
मिल कर कहेंगे राम से माँ जानकी से हम
अब और इश्क़ की हमें आदत नहीं रही
जा थक चुके हैं यार तेरी आशिक़ी से हम
जैसे कि पूछ लेगा कोई इम्तिहान में
सुनते थे उस की बात यूँँ संजीदगी से हम
अब दिल ठिकाने पर है न ये ज़ेहन ही दुरुस्त
पगला गए हैं लौट कर उस की गली से हम
इक रोज़ यूँँ हुआ कि सभी शिकवे भूल कर
फिर आ गए थे दोस्ती में दुश्मनी से हम
दो नाव पर सवार थे सो डूबना ही था
पार इक से हो सके न हुए दूसरी से हम
पंद्रह बरस के बा'द भी बदला तो कुछ नहीं
उम्मीद क्या ही रक्खें अब इस नौकरी से हम
छुप छुप के मिल रहा था तू राधा से ख़्वाब में
चुगली करेंगे कृष्ण तिरी रुक्मिणी से हम
तू बावफ़ा रहे या रहे हम सेे बे-वफ़ा
बढ़कर तो आज भी नहीं तेरी ख़ुशी से हम
आँगन के जो दरख़्त थे सारे बबूल थे
ता-उम्र जूझते रहे गुल की कमी से हम
हर तीर था हमारे ही तरकश का इस लिए
सब वार सह गए बड़ी शाइस्तगी से हम
दुख सोच कर बता मकीं पत्थर हैं नींव के
मंसब ही छोड़ दें न ज़रा सी नमी से हम
Read Full